चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ अफीम तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने एक कार से 1 किलो 215 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर बाड़मेर के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोगाराम पुत्र हीराराम कलवानिया निवासी खार की बेरी, आडेल (थाना सदर बाड़मेर), हीराराम पुत्र सताराम जाट निवासी खारिया तला (थाना बाड़मेर ग्रामीण) और कुंभाराम पुत्र रूपाराम भांबू निवासी खारिया तला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार बड़ीसादड़ी थाना क्षेत्र में वाहन की जांच के दौरान संदिग्ध कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 1 किलो 215 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसके बाद तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया तथा कार को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई।
दो आरोपी पैरोल से फरार, तीसरा हिस्ट्रीशीटर,अफीम तस्करी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में पैरोल पर रिहा होने के बाद फरार चल रहे थे। वहीं तीसरे आरोपी कुंभाराम के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और वाहन चोरी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह बाड़मेर ग्रामीण थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर भी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। साथ ही तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।







