अलवर। SSC GD नकल गिरोह के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और अलवर पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान लोकेश पुत्र लालाराम, निवासी कृष्णा कॉलोनी, देसूला (थाना एमआईए), अलवर के रूप में हुई है। वह एसएससी जीडी ऑनलाइन भर्ती परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने के मामले में वांछित था। कार्रवाई के दौरान उसके घर की तलाशी में मॉडिफाइड टीएफटी स्क्रीन, वीजीए कार्ड सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में दर्ज मामले की जांच के सिलसिले में यूपी एसटीएफ की टीम अलवर पहुंची थी। स्थानीय पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर आरोपी को दस्तयाब किया गया। इसके बाद एमआईए थाना पुलिस की मौजूदगी में उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से तकनीकी उपकरण बरामद हुए। बरामद सामग्री को जांच में शामिल करते हुए आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए यूपी एसटीएफ के सुपुर्द कर दिया गया।
तकनीकी उपकरणों से कराई जाती थी नकल
प्रारंभिक जांच के अनुसार, 22 मई 2026 को ग्रेटर नोएडा स्थित एक परीक्षा केंद्र पर एसएससी जीडी ऑनलाइन भर्ती परीक्षा के दौरान हाईटेक तरीके से नकल कराने का मामला सामने आया था। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह मॉडिफाइड टीएफटी स्क्रीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से परीक्षा केंद्र के बाहर बैठे व्यक्ति तक प्रश्न पहुंचाता था और वहीं से उत्तर अभ्यर्थियों तक पहुंचाए जाते थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि लोकेश इन उपकरणों को तैयार करने और गिरोह तक उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा रहा था। अब बरामद उपकरणों की तकनीकी जांच के जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पड़ताल की जा रही है।







