अंता। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय काचरी में सामने आए छात्र से मारपीट मामला को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने विरोध जताते हुए शिक्षा विभाग से दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि विद्यालय में पढ़ाई के दौरान हुए विवाद के बाद शिक्षक गजराज सिंह ने छात्र विकास सहरिया के साथ कथित रूप से मारपीट की। इस मामले को लेकर ABVP अंता इकाई के कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
अभाविप बारां जिला संयोजक रोहित मीणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गायत्री मीणा को ज्ञापन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। परिषद पदाधिकारियों का कहना है कि विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार का हिंसक व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।
छात्र से मारपीट मामले में ABVP ने सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग
अभाविप खेलो भारत के प्रदेश संयोजक प्रवीण शर्मा ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और संस्कार देने वाला स्थान होता है। यहां छात्रों के साथ दुर्व्यवहार या हिंसा की घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी है कि वह विद्यार्थियों की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दे।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर छात्र को न्याय दिलाया जाए और यदि शिक्षक दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने शिक्षा अधिकारी को बताया कि संबंधित शिक्षक के व्यवहार को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द निर्णय लिया जाए।
शिक्षक पर कार्रवाई की मांग, जांच के लिए गठित हुई टीम
एबीवीपी जिला संयोजक रोहित मीणा ने बताया कि कक्षा में दो छात्रों के बीच मामूली बात को लेकर बहस हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान शिक्षक गजराज सिंह ने छात्र विकास सहरिया के साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए प्रताड़ित किया। उन्होंने कहा कि मारपीट के कारण छात्र को चोटें आई हैं।
रोहित मीणा ने शिक्षा विभाग से मांग की कि शिक्षक को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अभाविप पदाधिकारियों ने प्रशासन को सात दिन का समय देते हुए कार्रवाई की मांग रखी।
तीन अधिकारियों की टीम करेगी मामले की जांच – छात्र से मारपीट मामला
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गायत्री मीणा ने अभाविप कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि मामले की जांच के लिए तीन अधिकारियों की टीम गठित कर दी गई है। जांच अधिकारियों को तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीबीईओ ने बताया कि फिलहाल संबंधित शिक्षक को अन्यत्र स्थान पर लगाया गया है। जांच में यदि शिक्षक दोषी पाया जाता है तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान ज्ञापन देने वालों में प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सुनील प्रजापति, पंचायत समिति सदस्य सुरेंद्र कुमार मेघवाल, पूर्व नगर मंत्री अर्जुन सिंह, नगर सह मंत्री मनमोहन मेघवाल, प्रदीप शर्मा, अमित शर्मा सहित अन्य ग्रामीण एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
स्थानीय स्तर पर सामने आए इस मामले को लेकर अब सभी की नजर शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट पर है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि शिक्षक के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाती है।



